दोमाना। मुट्ठी कैंप में वीरवार की रात को तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार युवक की मौत हो गई। मृतक राजीव कुमार (34) पुत्र रूप चंद नेत्र कोठे बरनाई के कैलाश विहार का रहने वाला था।
राजीव अपनी बाइक जेके02बीडी-5759 पर सवार होकर मुट्ठी कैंप की ओर से अखनूर रोड की ओर आ रहा था। जबकि कार डीआई9एई-7700 तेज रफ्तार में जानीपुर की ओर जा रही थी। इस बीच मुट्ठी कैंप पहुंचने पर कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार राजीव को गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जीएमसी पहुंचाया, लेकिन वहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में मां-बाप के अलावा पत्नी और तीन बच्चे हैं। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ धारा 279, 304 ए के तहत केस दर्ज कर लिया है। कार चालक और उसके सहयोगी हिरासत में ले लिए गए हैं। कार भी जब्त कर ली गई है। बताया जा रहा है कि वे लेह के रहने वाले हैं।