पुंछ। एक तरफ सरकार सबको शिक्षा मुहैया करवाने के दावे कर रही है, तो दूसरी तरफ एलओसी से सटे इलाकों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए तरसना पड़ रहा है। सोमवार को जिले की सूरनकोट तहसील के गांव सेढ़ी ख्वाजा के ग्रामीणों और स्कूल के छात्र छात्राओं ने गांव के सरकारी हाई स्कूल का दर्जा बढ़ा कर उसे हायर सेकेंडरी बनाए जाने की मांग को लेकर करीब चार घंटों तक पुंछ जम्मू राजमार्ग जाम कर जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के चलते मार्ग पर सैकड़ों वाहनों के साथ हजारों यात्री बीच रास्ते में घंटों फंसे परेशान होते रहे। प्रदर्शनकारियों ने इस बात का आरोप लगाया कि सन 1953 में बनाया गया यह स्कूल आज तक भी हाई स्कूल ही है, जिसके कारण दसवीं कक्षा के बाद सेढ़ी ख्वाजा सहित आस पास के आदा दर्जन गांव की लड़कियों की पढ़ाई बंद हो जाती है, क्योंकि उन्हें दसवीं कक्षा से आगे पढ़ने के लिए आठ दस किलोमीटर दूर चंडक या सलाना जाना पड़ता है।
गांव से हायर सेंकेंडरी स्कूल दूर होने के कारण अधिकतर लड़कियां दसवीं कक्षा से आगे नहीं पढ़ पाती हैं। लोगों का आरोप था कि गत वर्ष जब स्कूलों को दर्जा बढ़ाया गया तो इस स्कूल का पहला नंबर था, लेकिन इसका दर्जा नहीं बढ़ाया गया।
इस बार भी यही सब किया गया है। इस कारण हमें सड़क जाम करनी पड़ी है। राजमार्ग जाम किए जाने की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ सूरनकोट और एसएचओ सूरनकोट मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी मांग को सरकार तक पहुंचाने का वादा किया। इसके बाद प्रदर्शन बंद हुआ।