विधानसभा चुनाव को लेकर सीमांत इलाकों में सुरक्षा कवच मजबूत बना दिया गया है। गांवों को जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए 24 घंटे निगरानी के लिए नाके लगाए गए हैं। यहां पर हर आने-जाने वाले की जांच की जा रही है।
पहचान पत्र देखने के बाद ही उन्हें आने-जाने दिया जा रहा है। सांबा, हीरानगर, कठुआ, आरएसपुरा, राजोरी, पुंछ, नौशेरा, कालाकोट, अखनूर आदि के सीमांत इलाकों में सुरक्षा का जाल बुन दिया गया है।
जानकारी के अनुसार इन क्षेत्रों के सीमांत गांवों को जाने वाले रास्तों पर नाके लगा दिए गए हैं। इन क्षेत्रों में आतंकियों की घुसपैठ की खबर है। 20 दिसंबर को होने वाले मतदान के दिन हमला करने की भी आशंका है।
अरनिया में आतंकी हमला होने के बाद यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि मारे गए चार आतंकियों के साथ कुछ और आतंकी भी आए थे, जो गायब हो चुके हैं। वह मतदान के दिन हमला कर सकते हैं। ऐसी संभावनाओं को देखते हुए सीमांत इलाकों में सुरक्षा का खाका तैयार किया गया है।
जम्मू, राजोरी, सांबा और कठुआ जिले के सीमांत इलाकों में करीब 500 अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं। यहां पर सीआरपीएफ और राज्य पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। इन नाकों पर 24 घंटे कर्मी तैनात रहेंगे और हर आने जाने वाले पर नजर रखेंगे।