श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपर स्पेशलिटी ककरयाल
- फोटो : Amar Ujala
श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपर स्पेशलिटी ककरयाल में पहली सौ बड़ी सर्जरी में मरीजों को राहत देते हुए उन्हें पचास फीसदी छूट दी जाएगी। इसमें कार्डिक सर्जरी, नी रिप्लेसमेंट, हिप रिप्लेसमेंट आदि सर्जरी शामिल होंगी।
इसके अलावा अन्य चिकित्सा सुविधाओं पर सामान्य कीमतों पर दस फीसदी छूट दी जा रही है। यह छूट अस्पताल के शुरू होने के साथ आगामी छह माह तक रहेगी। रविवार को अस्पताल की गवर्निंग बाडी की बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सदस्य एवं अस्पताल की गवर्निंग बाडी के चेयरैमन डा. एसएस बलोरिया ने कहा कि मरीजों को आधुनिक चिकित्सा देने पर काम किया जाएगा।
अस्पताल में मरीजों की सहूलियत के लिए ओपीडी सुविधा भी निशुल्क की गई है। अस्पताल में वित्तीय कामकाज बीबी बयास देखेंगे। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डा. मनमोहन हरजाई ने बताया कि आधुनिक चिकित्सा में न्यूरो सर्जन, जीआई सर्जन और आरथोपेडिक सर्जनों की सेवाएं ली जाएंगी। अस्पताल में नी रिप्लेसमेंट की सुविधा शुरू की जाएगी।