कश्मीर में आठ दिसंबर को होने जा रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली आतंकियों के निशाने पर है। चुनावी मौसम में कश्मीर में पीएम मोदी की यह पहली रैली होगी।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार लश्कर के चार से पांच फिदायीन आतंकी मोदी की रैली को निशाना बना सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि रैली में मोदी को निशाना बनाया जा सकता है।
सुरक्षा एजेंसियों ने मोदी की रैली को लेकर घाटी में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सुरक्षा कारणों से मोदी की रैली स्थाल पर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए जा रहे हैं।
आठ दिसंबर को मोदी श्रीनगर और अनंतनाग में रैली को संबोधित करेंगे। बता दें कि घाटी में 14 दिसंबर को मतदान होना है। यह अब तक का सबसे महत्वपूर्ण मतदान माना जा रहा है।
मोदी का विरोध, घाटी में बंद
पीएम मोदी के दौरे के विरोध में अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी ने घाटी में बंद का आह्वान किया है। दो रैलियों के अलावा मोदी चार अन्य चुनावी सभाओं को भी संबोधित करेंगे।
इसके बाद 12 दिसंबर को पीएम मोदी राजोरी और कठुआ में चुनावी रैली संबोधित करने के लिए आएंगे। 16 दिसंबर को मोदी जम्मू के एमए स्टेडियम, बिलावर और बसोहली में रैली करेंगे।
बता दें कि पहले और दूसरे चरण के मतदान में 71 फीसदी तक वोट कास्ट हुआ है। ऐसे में आने वाले चरणों में भी बंपर वोटिंग का लाभ लेने के लिए भाजपा हर तरकीब लगा रही है।
रैली में हो सकता है आतंकी हमला
प्रथम और दूसरे चरण में हुए भारी मतदान के बाद से आतंकवादी आतंकी घटनाओं को अंजाम देने में लगे हुए हैं। कल भी पुलवामा में एक ग्रेनेड हलमे में सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाया गया जिसमें एक एएसआई शहीद हो गया।
इससे पहले भी हंदवाडा, कुपवाड़ा, पुंछ, श्रीनगर, अरनिया में आतंकी कई हमले कर चुके हैं। पाकिस्तान की तरफ से भी रुक-रुक कर सीज फायर का उल्लंधन किया जा रहा है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान पटना में हुई एक सभा में भी मोदी की रैली में बम धमाके किए गए थे। मोदी की कश्मीर रैली भी आतंकियों के निशाने पर है।