लखनपुर से उधमपुर तक नेशनल हाईवे पर वर्ष 2015 में दो फलाईओवर बनेंगे। इसके साथ ही पांच फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया ने इस साल इनका निर्माण शुरू करने का खाका तैयार कर लिया है। अगले कुछ दिन में इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। जम्मू-उधमपुर मार्ग और नंदनी टनल को भी नए साल में खोल दिया जाएगा।
अथारिटी के जम्मू संभाग के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आरपी सिंह ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में बताया कि सांबा और कुंजवानी में दो नए फलाईओवर बनाने की योजना है। 2015 के पहले माह में ही इनका काम शुरू कर दिया जाएगा।
इसके अलावा कुंजवानी में ही आर्मी स्कूल के बाहर, सिद्दड़ा रेलवे व सैनिक कालोनी रेलवे क्रासिंग, मलिक मार्केट सहित पांच जगहों पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण होगा। इनका काम भी नए साल में शुरू होगा। इन सभी प्रोजेक्टों पर अनुमानित 150 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।
अगले दो से तीन दिन में इसके लिए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। देश की बड़ी निर्माण कंपनियों के सहयोग से इनका निर्माण किया जाएगा। सिंह का कहना है कि सांबा और कुंजवानी में वाहनों का काफी मूवमेंट रहता है। यहां पर फलाईओवर की आवश्यकता है।
इसके निर्माण से राहगीरों को मदद मिलेगी। वाहनों की मूवमेंट भी सरल हो जाएगी। वाहनों का बोझ काफी हद तक कम हो जाएगा जिससे रोज लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
फुट ओवरब्रिज के निर्माण से रोड क्रास होने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। नए साल में जम्मू से उधमपुर तक बनने वाले हाईवे का निर्माण भी पूरा हो जाएगा और यह लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।