रियासी। मवेशी तस्करी के खिलाफ जिला पुलिस की मुहिम जारी है। इसी कड़ी के तहत ग्रामीण क्षेत्रों से 49 मवेशियों को मुक्त करवाते हुए तस्करी के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को माहौर के बांडे नार क्षेत्र में मवेशी तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद एक पुलिस टीम दो घंटे पैदल सफर कर मौके पर पहुंची। जहां से 26 मवेशी मुक्त करवाए गए। वहीं, तस्करी के आरोप में नजीर हुसैन, मोहम्मद सादिक व एजाज अहमद को गिरफ्तार किया गया। यह सभी मवेशी कुलगाम (कश्मीर) की तरफ ले जाए जा रहे थे। वहीं, एक अन्य मामले में तहसील थुरू के ठिल्लू निवासी नूर हुसैन को मवेशी तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 13 मवेशियों को मुक्त करवाया गया।
उधर, तीसरे मामले में पुलिस ने चसाना क्षेत्र में तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए 10 मवेशियों को मुक्त करवाया है। वहीं, तस्करी के आरोप में दो भाइयों एजाज अहमद व मोहम्मद इकबाल दोनों निवासी तुली सुंगड़ी को गिरफ्तार किया गया है। सभी छह आरोपियों के खिलाफ पुलिस स्टेशन माहौर व चसाना में मामला दर्ज किया गया है।