जम्मू। जीएमसी जम्मू के सर्जरी विभाग के दो डॉक्टरों समेत प्रदेश में सोमवार को 428 लोग कोरोना से संक्रमित हुए। इसमें जम्मू संभाग से 154 और कश्मीर संभाग से 274 लोगों को मिलाकर जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों का आंकड़ा 33075 तक पहुंच गया है। इसमें 7246 मामले सक्रिय हैं। इसके अलावा जम्मू के गोल मार्केट गांधीनगर में रैपिड एंटीजन टेस्ट अभियान में दस दुकानदार और उनके यहां काम करने वाले कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इस बीच जम्मू में 2 और कश्मीर में 16 और लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। प्रदेश में मौतों का कुल आंकड़ा 636 तक पहुंच गया है।
जीएमसी जम्मू में 14 अगस्त से भर्ती 53 वर्षीय कोविड संक्रमित बख्शीनगर नगर निवासी की सोमवार को मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक को मधुमेह के साथ अन्य चिकित्सा समस्याएं थीं। जिला जम्मू में सोमवार को 65 लोग संक्रमित पाए गए, इसमें 29 ट्रैवलर और 36 अन्य वर्ग से हैं। जम्मू के सैनिक कालोनी क्षेत्र से 3, बख्शीनगर से 2, जगती से 3 सहित अन्य क्षेत्रों से कई नए संक्रमित मामले सामने आए हैं। जगती से पहले ही एक ही परिवार से 13 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा गांधीनगर गोल मार्केट में रैपिड एंटीजेन टेस्ट में 270 लोगों के सैंपल लिए गए, जिसमें 10 संक्रमित पाए गए। नए संक्रमित मामलों में श्रीनगर से 78, बारामूला से 9, पुलवामा से 14, बड़गाम से 27, अनंतनाग से 14, कुलगाम से 11, शोपियां से 6, कुपवाड़ा से 25,बांदीपोरा से 65, गांदरबल से 25, राजोरी से 12, कठुआ से 14, उधमपुर से 19, रामबन से 6, सांबा से 15, डोडा से 4, पुंछ से 12, रियासी से 2 और किश्तवाड़ से 5 मामले शामिल हैं। संक्रमित 428 मामलों में 67 ट्रैवलर और 361 अन्य वर्ग से हैं।
प्रदेश में 2799 संदिग्ध लोग निगरानी में लिए
जम्मू। जम्मू कश्मीर में सोमवार को कोरोना के 2799 संदिग्ध लोगों को निगरानी में लिया गया। अब तक कोरोना संक्रमित, उनके संपर्क और विभिन्न यात्राओं से जुड़े मामलों में 435205 लोगों को निगरानीमें लिया जा चुका है। इसमें 43158 को घर पर क्वारंटीन, 7246 को आइसोलेशन, 41652 को घर पर सर्विलांस पर लिया गया है। अब तक 342525 ने सर्विलांस अवधि को पूरा कर लिया है। अब तक 877836 सैंपलों में से 844761 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कुल 7246 सक्रिय मामलों में से जम्मू संभाग से 1530 और कश्मीर संभाग से 5716 मामले हैं।
373 संक्रमित मरीज ठीक हुए
विभिन्न अस्पतालों में सोमवार को 373 कोविड संक्रमित मरीजों ने कोरोना को मात दी। इसमें जम्मू संभाग से 95 और कश्मीर संभाग से 278 मरीज हैं। अब तक प्रदेश में 25205 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं, जिसमें जम्मू संभाग से 5697 और कश्मीर से 19508 मरीज हैं।