डल झील क्षेत्र से विस्थापित लोगों के लिए श्रीनगर शहर में बनाई जा रही रख-ए-अर्थ हाउसिंग कालोनी पर 416 करोड़ रुपये खर्च होंगे। राज्य के उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने निर्माणाधीन कालोनी का निरीक्षण करते हुए विभागीय अधिकारियों को हिदायतें जारी कीं।
डा. सिंह ने कहा शहर के भीतर मिनी टाउनशिप तैयार होने पर डल क्षेत्र से विस्थापित हुए लोगों को प्लाट दिए जाएंगे। यह कालोनी शहरी जीवन की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम होगी जिसका लाभ लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा प्रोजेक्ट पर समय रहते क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने श्रीनगर शहर का विस्तृत दौरा किया। उन्होंने लेक्स एंड वाटरवेज डेवलपमेंट अथारिटी के अफसरों से कहा तमाम जलाशयों को आबादी वाले इलाकों की गंदगी से बचाया जाए। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट सक्रियता से काम करें ताकि गंदगी जलाशयों को दूषित न कर सके।
उन्होंने प्रेस कालोनी श्रीनगर में पार्किगिं स्थल, मल्टीप्लेक्स फूड कोर्ट, लाल चौक स्थित मल्टीप्लेक्स का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर आवास एवं शहरी विकास विभाग के आयुक्त सचिव हृदेश कुमार सहित अन्य विभागों के अफसर मौजूद थे।