राजोरी। नगरपालिका राजोरी में शुक्रवार को समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित चेयरमैन आरिफ जट और उपचेयरमैन भरत भूषण वैद को शपथ दिलाई गई। एडीसी राजोरी ठाकुर शेर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं एमएलसी विबोध गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नप चेयरमैन आरिफ जट ने कहा कि ईमानदारी से समान विकास करवाया जाएगा। उन्होंने उचित और पर्याप्त जल आपूर्ति और बिजली मुहैया करवाने का वादा किया। उपचेयरमैन भारत भूषण वैद ने भी समान विकास करने की बात कही। भाजपा नेता विबोध गुप्ता ने चेयरमैन और उपचेयरमैन को बधाई दी और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की अपील की।
समारोह में राज्य का संविधान नहीं रहा याद : पीडीपी
नवनिर्वाचित चेयरमैन और उपचेयरमैन के शपथ समारोह में राज्य के संविधान को याद नहीं करने पर पीडीपी ने अलोचना की। पीडीपी के जिला प्रवक्ता ताजीम डार ने जारी बयान में कहा कि जिस तरह से रियासत के संविधान का उल्लेख किए बिना शपथ ली गई है। इस कारण शपथ ग्रहण समारोह की कड़ी निंदा हो रही है।
भाजपा समारोह में परिवर्तित हुआ समारोह : कांग्रेस
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शपथ समारोह भाजपा का समारोह बन कर रह गया है। वार्ड सात के पार्षद राजेश गुप्ता ने कड़ी अलोचना करते हुए कहा कि शपथ समारोह में 17 में से केवल पांच पार्षद ने ही भाग लिया। सभी कांग्रेस और स्वतंत्र पार्षदों ने इसका बहिष्कार किया।