घाटी में मुहर्रम का जुलूस निकाल रहे लोगों से कई जगह सुरक्षा बलों का टकराव हो गया। लाल चौक पर सुरक्षा बलों से झड़प के बाद कई लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने लाठीचार्ज कर आगे बढ़ रहे लोगों को खदेड़ा। टीआरसी पर जुलूस को बढ़ने से रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। श्रीनगर में बीएसएनएल एक्सचेंज के पास पुलिस ने कई शिया मुस्लिमों को रोका। वे इमाम बाड़ा जदिबल जाने की कोशिश कर रहे थे।
मध्य कश्मीर के बडगाम जिले से निजी वाहनों से लाल चौक पहुंचे लोग देश विरोधी नारे लगा रहे थे। मुहर्रम के जुलूस को देखते हुए श्रीनगर के पुराने शहर के कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया था।
बुधवार को भी घाटी में पत्थरबाजी की छिटपुट घटनाएं हुई। हालांकि, सड़कों पर वाहन भी दिखे और रेहड़ी-पटरी वालों का कारोबार भी चला। इस बीच, पुलिस ने और 37 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। अलगाववादियों ने 20 अक्टूबर तक बंद बढ़ा दिया है।