जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने खराब मौसम के चलते हुई तबाही को देखते हुए बचाव कार्य तेजी के साथ हो और लोगों को परेशानियों से जल्द से जल्द निकालने के लिए उचित संसाधनों का इस्तेमाल किया जा सके, इसके 35 करोड़ रुपये जारी किए है।
इनमें से कश्मीर में बचाव कार्य के लिए के लिए 25 करोड़ रुपये और जम्मू संभाग के लिए 10 करोड़ रुपये जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही प्रशासनिक अमले और मदद एजेंसियों को फंसे लोगों को मुश्किलों से बाहर निकालने के लिए तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि मिनिस्ट्री आफ होम अफेयर की ओर से एनडीआरएफ की टीमों को पहले ही भेजा जा चुका है। उन्होंने बडगाम के लड्डन इलाके में 16 लोगों को सुरक्षित निकाल लेने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से बने हालात में पल-पल की जानकारी के लिए सरकार की ओर से तीन ज्वाइंट कंट्रोल रूम (जेसीआर) बनाए जाएंगे।
जोकि साउथ कश्मीर, सेंट्रल कश्मीर और नार्थ कश्मीर में होगा। उनका संपर्क लगातार सिविल प्रशासन, पुलिस और सेना के लोगों के साथ होगा। ताकि सारी स्थिति की रिपोर्ट बताकर हालात को काबू करने के लिए समय रहते इंतजाम किए जा सके। घाटी के बहुत सारे हिस्सों में बोट उपलब्ध करवाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने दी जाएगी। इस मौके पर मंत्री सुखनंदन कुमार, सईद अलताफ बुखारी, अशरफ मीर, आसिया नकाश सहित अन्य उपस्थित थे।