उधमपुर के बट्टलबालिया इलाके में 33 केवी का तार टूट कर एक महिला के ऊपर गिर गया। हाई वोल्टेज करंट के चलते उसकी मौत मौके पर ही झुलस कर हो गई। महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति काफी रोष है।
ग्रामीणों का कहना है कि तार गिरने की जानकारी बिजली विभाग के अधिकारी को दी गई, लेकिन लंबे समय तक किसी ने भी बिजली को ग्रिड स्टेशन से बंद नहीं करवाया। जानकारी के अनुसार दर्शना देवी (52) अपने गौशाला में पशुओं को चारा देने के लिए पहुंची।
जैसे ही उसने गौशाला का दरवाजा खोला कि अचानक 33 केवी का तार टूट कर महिला के ऊपर आ गिरा। हाई वोल्टेज करंट के कारण महिला की तुरंत मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने फौरन इसकी जानकारी बिजली विभाग के जेई को दी। लेकिन लंबे समय तक ग्रिड स्टेशन से बिजली बंद नहीं की गई।
करीब एक बजे बिजली सप्लाई बंद कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति रोष बढ़ गया।