डोडा। जिले की तहसील गोहा मरमत के गांव बिहोता में 30 वर्षीय महिला ने एक साथ तीन शिशुओं को जन्म दिया है। इनमें दो लड़की व एक लड़का है। तीन बच्चे स्वस्थ हैं, साथ ही मां भी ठीक है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम छह बजे शकीला बेगम पत्नी अब्दुल करीम निवासी बिहोता गर्भवती थी। परिजन उसे पेट में दर्द होने की शिकायत पर प्राइमरी हेल्थ सेंटर गोहा लेकर गए। जहां शाम 6 बजे इंचार्ज मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर अनिल कुमार, डॉक्टर शहना और नर्सों की देखरेख में महिला ने दो बेटी और एक बेटे को जन्म दिया। डॉक्टरों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद महिला और बच्चों को डोडा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां सभी की हालत ठीक है।
जानकारों के अनुसार इस तरह के मामले 60 मिलियन केसों में एक देखने को मिलता है कि जब कोई महिला एक साथ तीन बच्चों को जन्म दे। महिला के पति अब्दुल करीम ने कहा कि इससे पहले हमारी कोई औलाद नहीं थीं, परंतु ऊपर वाले ने एक ही बार में तीन बच्चे देकर मेरा पूरा परिवार संपूर्ण कर दिया।