जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने दसवीं से बारहवीं तक की कक्षाओं के लिए समान अकादमिक कैलेंडर और परीक्षाओं के शेड्यूल की अधिसूचना जारी कर दी है। नए अकादमिक कैलेंडर में विंटर जोन खत्म करते हुए हार्ड जोन (कठिन क्षेत्र) को छोड़ सभी क्षेत्रों में हर साल मार्च में परीक्षाएं कराने की व्यवस्था की गई है।
जम्मू संभाग के 309 और कश्मीर संभाग के 135 स्कूलों को हार्ड जोन में रखा गया है। जेके बोर्ड ने लद्दाख के लेह जिले के सभी स्कूलों को हार्ड जोन में रखा है, जबकि कारगिल जिले के सात शिक्षा जोन हार्ड रखे गए हैं। इन स्कूलों में चालू शैक्षिक सत्र की परीक्षाएं अप्रैल से कराने की व्यवस्था लागू होगी।
हालांकि सभी स्कूलों के नतीजे एक साथ जून माह में घोषित किए जाएंगे। वहीं, बोर्ड के अधीन जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सभी स्कूलों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का आयोजन अगस्त में होगा, जिसके नतीजे अक्तूबर में घोषित होंगे। बोर्ड के अकादमिक निदेशक प्रो. अब्दुल वाहिद मकदूमी की ओर से जारी अधिसूचना को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
परीक्षा पंजीकरण शेड्यूल
दसवीं कक्षा की परीक्षा के लिए दिसंबर के पहले सप्ताह, ग्यारहवीं के लिए दिसंबर के तीसरे सप्ताह और बारहवीं के लिए नवंबर के तीसरे सप्ताह परीक्षा पंजीकरण फार्म लिए जाएंगे। वहीं हार्ड जोन में दसवीं के लिए दिसंबर के पहले सप्ताह, 11वीं के लिए दिसंबर के तीसरे सप्ताह और 12वीं के लिए नवंबर के पहले सप्ताह से पंजीकरण फार्म लिए जाएंगे।
कब-कब होंगे पेपर
10वीं की परीक्षाएं मार्च के दूसरे सप्ताह से, 11वीं की मार्च के अंतिम सप्ताह से और 12वीं की मार्च के पहले सप्ताह से परीक्षाएं आयोजित होंगी। इसी तरह से हार्ड जोन में 10वीं की परीक्षाएं अप्रैल के दूसरे सप्ताह से, 11वीं की अप्रैल के आखिरी सप्ताह से और 12वीं की परीक्षाएं अप्रैल के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगी।
हार्ड जोन के स्कूल
जम्मू संभाग
उधमपुर - 65, रामबन - 64, डोडा - 56, किश्तवाड़ - 50, रियासी - 47, पुंछ - 20, राजोरी - 07
कश्मीर संभाग
अनंतनाग - 43, कुपवाड़ा - 32, कुलगाम - 28, बांडीपोरा - 19, बडगाम - 13