पड़ोसी राज्य पंजाब के सरहदी इलाके दीनानगर में आतंकी हमले से जिले में हाल के वर्षों में हुए आतंकी हमलों की याद ताजा हो गई। जम्मू कश्मीर से सटे और कठुआ जिला मुख्यालय से महज 40 किलोमीटर दूर स्थित दीनानगर इलाके में आतंकी हमले की दहशत जिले भर में महसूस की गई।
एक तरफ आतंकी हमले के बाद घंटों लगातार मुठभेड़ जारी थी तो इधर लोगों के जेहन में पिछले दो वर्ष के दौरान हुए तीन आतंकी हमलों की तस्वीरें घूम रही थीं। अलसुबह का वक्त और पुलिस थाने को निशाना बनाने का तौर तरीका हर किसी को हीरानगर और राजबाग पुलिस थानों पर हुए हमलों की याद दिलाने लगा। इस बीच लोगों में अपने रिश्तेदारों का कुशलक्षेम जानने के लिए बेचैनी भी बढ़ गई।
दरअसल कठुआ जिले में कई परिवारों की पंजाब के गुरदासपुर जिले में रिश्तेदारी है। पड़ोसी इलाका होने की वजह से कठुआ और गुरदासपुर जिलों के बीच पारंपरिक रिश्ते भी हैं। ऐसे में लोग अपने अपने रिश्तेदारों के घर फोन कर उनके सुरक्षित होने की खबर पूछने में लगे रहे।