नेशनल हाईवे पर एक करोड़ की लूट मामले में आखिर पुलिस ने साजिश से पर्दा उठा ही दिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद लूटे गए एक करोड़ में से 29 लाख 84 हजार 500 रुपये बरामद कर लिए हैं।
एसपी कठुआ श्रीधर पाटिल ने शनिवार को पत्रकारवार्ता कर इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिकायत में बताया गया था कि हथियार दिखाकर एक करोड़ का कैश लूट लिया गया है। पुलिस ने फौरन शिकायत के आधार पर आरपीसी की धारा 341, 392 और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। जांच के दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। लगातार जांच के दौरान पुलिस को सनसनीखेज लूट की वारदात से पर्दा उठाने में सफलता हासिल हुई।
मामले में आठ संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनकी पहचान किरण भगत उर्फ छोटू निवासी खेरी सांदी सांबा, पिंटू जंवाल निवासी रायपुर सांबा, गौरम कुमार गौतम निवासी बुलंदशहर वर्तमान निवासी सेक्टर 7 गंगयाल जम्मू, विकास तलवार निवासी मैत्रा रामबन, अजय कुमार निवासी सिकंदरपुर मुजफ्फरनगर खतौली उत्तर प्रदेश, योगेश सलगोत्रा निवासी ग्रेटर कैलाश जम्मू, रजत कगियाल निवासी ज्यौड़ियां जम्मू और वरुण सिंह वार्ड दस बुधवानी सांबा के रूप में हुई है।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने लूटे गए 29 लाख 84 हजार और 500 रुपये बरामद कर लिए हैं। कुछ करंसी को जला दिया गया है। पुलिस इस मामले में संलिप्त दो-तीन अन्य लोगों की तलाश कर रही है। उम्मीद है कि और करंसी भी बरामद होगी। एसपी ने बताया कि आरोपियों से एक टॉयगन भी बरामद हुई है। पुलिस उस हथियार की तलाश रही है, जिसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। उन्होंने बताया कि इतना ज्यादा कैश ट्रक में भेजे जाने और किसे भेजा जा रहा था, इस मामले की भी जांच जारी है।
एम्स साइट के नजदीक जलाई गई थी करंसी
विजयपुर में देवक पुल से सटे एम्स साइट के नजदीक आरोपियों द्वारा करंसी जलाए जाने की आशंका है। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस की दबिश के बाद आरोपियों ने देवक पुल के नजदीक लूटे गए कैश के एक हिस्से को जला दिया था। सूत्रों की मानें तो नायब तहसीलदार के साथ पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल से जली करंसी के अवशेष भी बरामद किए हैं। हालांकि इस बारे में पूछे जाने पर पुलिस प्रमुख ने कहा कि जांच जारी है। इससे पहले पुलिस ने बाड़ी ब्राह्मणा के एक गांव में आरोपी की निशानदेही पर करंसी को बरामद किया था, जिसे डिब्बे में छुपाकर रखा गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार लूटे गए कैश में 2000 के एक हजार नोट, 500 के 13 हजार 800 नोट, 200 के दस हजार नोट और 100 रुपये के एक हजार नोट शामिल थे।