दूसरे चरण के चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच में 26 पर्चे खारिज किए गए। 18 सीटों के लिए कुल 183 प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए। नाम वापसी 17 नवंबर को होगी। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
दूसरे चरण के चुनाव के लिए चार मंत्रियों ने भी पर्चा भरा है। जांच के दौरान विभिन्न दलों के प्रत्याशी तथा समर्थक भी जुटे रहे। इसके चलते जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
दूसरे चरण के लिए उमर अब्दुल्ला सरकार के मंत्री एजाज खान (कांग्रेस) ने गुल अरनास, तथा मीर सैफुल्लाह (नेकां)-कुपवाड़ा, चौधरी मोहम्मद रमजान (नेकां)-हंदवाड़ा और सकीना इत्तू (नेकां) ने नूराबाद विधानसभा सीट के लिए नामांकन किया है।
नामांकन पत्रों की जांच के बाद नूराबाद से एक, लोलाब से एक, गुलाबगढ़-03, रियासी-02, गूल अरनास-02, उधमपुर-02, चिनैनी-01, रामनगर-05, सूरनकोट-02, मेंढर-03 तथा हवेली से 04 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए।
दूसरे चरण के लिए दो दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए गुलाबगढ़ से 11, रियासी से 15, गूल अरनास से 12, उधमपुर से 13, चिनैनी से 08, रामनगर से 12, सुरनकोट से 12, मेंढर से 15, पुंछ हवेली से 15 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इसके साथ ही करनाह से 08, कुपवाड़ा से 12, लोलाब से 10, हंदवाड़ा से 12, नूराबाद से 17, कुलगाम से 08 और देवसर से भी 08 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे थे।
अब तक 16 विधायकों ने भरे पर्चे
राज्य निर्वाचन कार्यालय के प्रवक्ता के अनुसार पहले दो चरण में डिप्टी स्पीकर सहित 16 विधायक तथा एमएलसी ने नामांकन किया है। नाम वापसी के बाद दूसरे चरण की तस्वीर साफ हो पाएगी।