कठुआ। एक अक्टूबर से शुरू होने जा रहे बैक-टू-विलेज चरण तीन से पहले जनसमस्याओं को दर्ज करने और उनके समाधान के प्रयास पर काम शुरू हो गया है। आवामी मुहिम के इस चरण में जिला सचिवालय में सप्ताह के पांच दिन सुबह साढ़े 10 बजे से 11 बजे तक जन सुनवाई का समय निर्धारित किया गया है। वीरवार से शुरू हुआ यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा।
जिला उपायुक्त की ओर से जारी आदेश के अनुसार बुधवार और रविवार को छोड़कर अन्य सभी दिन जन सुनवाई की जाएगी। ऐसे में अधिकारियों को भी इन पांच दिन जिला मुख्यालय में निर्धारित समय के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। दर्ज की गई समस्याओं को हल करने और उचित मंच तक पहुंचाने के लिए बैक-टू-विलेज में जाने वाले अधिकारियों को सौंपा जाएगा। इसकी जिम्मेदारी मॉनिटरिंग सेल को दी गई है। इस अवधि और जन अभियान के दौरान दर्ज समस्याओं को वीरवार को लांच किए गए जन समस्या निवारण पोर्टल पर भी अपलोड किया जाएगा। जिला उपायुक्त ने इस दौरान सभी लोगों को कोविड नियमों का पालन करने का भी आहवान किया है।
बुधवार को ब्लॉक में होंगे डीसी-एसएसपी
बैक टू विलेज चरण तीन और इससे पहले के कार्यक्रमों को लेकर डीसी कठुआ ने पत्रकारवार्ता में लोगों से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा लोग जन अभियान में भाग लें। पंचायत और ब्लॉक स्तर में किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, तो जिला अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न पंचायतों और ब्लॉकों में शिविर होंगे। इसमें मौजूद अधिकारी लोगों की समस्याएं सुनेंगे और हल करेंगे। युवाओं को रोजगार दिलाने और बैंक से ऋण संबंधित जानकारियां दी जाएगी। जिला उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत 21 दिन के भीतर जितने भी बुधवार आएंगे, उनमें जिले के हर ब्लॉक में जिला उपायुक्त और एसएसपी कठुआ स्वयं मौके पर जाकर लोगों की समस्या सुनेंगे और उन समस्याओं को जल्द हल करने का कोशिश की जाएगी।