चिनैनी। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप और नत्थाटॉप में लगातार दूसरे दिन भी भारी हिमपात जारी रहा, जिससे पूरा क्षेत्र ठंड की चपेट में आ गया है। पूरे इलाके में बर्फीली हवाएं चलने का दौर जारी है। दो दिन में नत्थाटॉप में पांच फीट से ज्यादा और पटनीटॉप में करीब डेढ़ फीट तक बर्फ गिरी है। पटनीटॉप में हिमपात के कारण कई मार्ग बंद भी हो चुके हैं। नत्थाटॉप में भी बर्फबारी का दौर दिनभर जारी रहा।
नववर्ष के पहले सप्ताह में हुई बर्फबारी ने सुखी ठंड से तो राहत दिलाई है, लेकिन ठंड में भी भारी इजाफा हुआ है। चारों और पहाड़ बर्फ से लद चुके हैं और हर तरफ का नजारा भी मनमोहक बन गया है। उधर, जुगधार, देराटॉप, शिवगढ़ धार, लद्दाधार, लाटी, स्योजधार व कुद आदि स्थानों पर बर्फबारी जारी रही। रविवार को ज्यादातर लोग ठंड से बचने के लिए घरों में दुबके रहे, जिससे बाजारों से रौनक गायब हो गई।
बर्फबारी देख रोमांचित हुए सैलानी
नववर्ष में बर्फबारी का दौर जारी है, जिसका पर्यटक खूब लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं, पहली बार बर्फबारी देख कर सैलानी खूब रोमांचित दिखे। देश के विभिन्न प्रांतों से आए सैलानियों की आशा उस समय पूरी हुई, जब उन्हें ताजा हिमपात देखने का मौका मिला। उन्होंने बर्फ का खूब लुत्फ उठाया। उधर, बर्फबारी के बाद कारोबार में भी इजाफा हुआ है, जिससे कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं।