जम्मू-कश्मीर में शोपियां के बटगुंड निवासी मासूम हिबा को पत्थरबाजों की करतूत का खामियाजा भुगतना पड़ा रहा है। पत्थरबाजों को नियंत्रित करने के दौरान की गई कार्रवाई की जद में आने से उसकी आंख में गंभीर चोट आई है। इस संबंध में एसएचआरसी की ओर से डीसी व एसएसपी शोपियां को नोटिस जारी किया गया है। इसमें मामले की विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया है।
जानकारी के अुनसार मंगलवार को मानवाधिकार कार्यकर्ता एहसन उनतु की ओर से दायर याचिका की सुनवाई के बाद एसएचआरसी अध्यक्ष व सेवानिवृत्त न्यायाधीश बिलाल नाजकी ने नोटिस जारी किया है। याचिकाकर्ता के अनुसार पेलेट लगने से 20 माह की मासूम की आंख पूरी तरह से खराब हो गई है। इसके लिए कई ऑपरेशन करवाने होंगे। याचिकाकर्ता ने हिबा को 10 लाख रुपये का मुआवजा और मामले की जांच करने की मांग की है।
गौरतलब है कि गत रविवार को शोपियन के बटगुंड में आतंकियों से हुई मुठभेड़ के दौरान उग्र भीड़ ने सुरक्षा बलों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी थी। पत्थरबाजों पर नियंत्रण करने के लिए सुरक्षा बलों को बल का प्रयोग करना पड़ा था, जिसमें पेलेट लगने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हिबा की मां मरसाला जान के अनुसार मुठभेड़ स्थल उनके घर से काफी दूर था, लेकिन प्रदर्शन घर के नजदीक ही शुरू हो गया। इसके बाद पत्थरबाजों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जद में आने से बेटी घायल हुई है।