पुंछ जिले के शाहपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर मंगलवार की देर रात फेंसिंग के आगे काईयां क्षेत्र में करीब आधा घंटा तक भारत-पाक सेना के बीच गोलाबारी हुई।
इस दौरान घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। उनके शव पीओके में पड़े होने की आशंका है। वहीं मामले में सेना की तरफ से किसी प्रकार की कोई बात नहीं की जा रही।
सूत्रों के अनुसार मंगलवार रात करीब नौ बजे शाहपुर सेक्टर के काईयां में नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट के जवानों ने उस पार से चार से पांच आतंकियों के एक दल को भारतीय क्षेत्र की ओर बढ़ते देखा। इस पर सेना की ओर से 30 से 40 राउंड फायर किए गए। इसके चलते घुसपैठिये पीओके की तरफ भागे। इस बीच दो गोली लगने से पीओके के क्षेत्र के पास ही गिर गए।