रियासत में स्वाइन फ्लू का कहर जारी है। बुधवार को जम्मू में दो संदिग्ध मरीजों की मौत हो गई। यहां तीन और नए मामले पाजिटिव आए हैं। चोपड़ा नर्सिंग होम सर्विलांस सेंटर जम्मू में एक डाक्टर की हालत गंभीर है। सेंटर में 20 संदिग्ध मरीजों को इलाज दिया जा रहा है। स्किम्स श्रीनगर में स्वाइन फ्लू के 19 और मामले पाजिटिव आए हैं।
चोपड़ा नर्सिंग होम जम्मू में गत मंगलवार से भर्ती एक 35 वर्षीय युवक ने देर रात दम तोड़ दिया। उसमें स्वाइन फ्लू के लक्षण थे। उसके थूक व खून के सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। इससे पूर्व जम्मू में एसपी रैंक के एक अधिकारी की स्वाइन फ्लू से मौत हो चुकी है।
इस बीच, अखनूर से जीएमसी रेफर की गई एक संदिग्ध महिला मरीज ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। बीते पांच दिन से खांसी और बुखार से पीड़ित अनीता देवी (50) निवासी वोमाल का निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा था।
बुधवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे जीएमसी रेफर किया गया। लेकिन, रास्ते में वह अचेत हो गई। घरवालों ने जब उसे वापस उपजिला अस्पताल लाया तो डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बीएमओ संजय शर्मा के अनुसार महिला निजी क्लीनिक में उपचार ले रही थी। हालांकि, उसके सैंपल न मिलने से उसकी स्वाइन फ्लू से मौत की पुष्टि नहीं हुई है। चोपड़ा नर्सिंग होम जम्मू की विशेष ओपीडी में बुधवार को 169 संदिग्ध मरीज जांच करवाने पहुंचे।