उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर हो गए। वहीं, इस मुठभेड़ के दौरान सेना के दो जवान शहीद हो गए।
वहीं, इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी है। मारे गए आतंकियों की पहचान नहीं हो सकी है जबकि उनके पास से गोलाबारूद बरामद हुए हैं।
सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हंदवाड़ा के जचलडारा इलाके के लारीबल गांव में वीरवार देर रात उस समय आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई जब इलाके में आतंकियों के खिलाफ तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
यह ऑपरेशन सेना की 21 राष्ट्रीय राइफल्स के अलावा जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवानों द्वारा इलाके में छेड़ा गया था। लेकिन शुक्रवार को मुठभेड़ ने जब भीषण रूप धारण कर लिया तो ऑपरेशन को आगे बढ़ाने में सेना के विशेष पैरा कमांडो द्वारा भी सहयोग दिया गया।