पाकिस्तान सीमा से आतंकियों की घुसपैठ को पूरी तरह रोक पाना फिलहाल संभव नहीं हो पाएगा। सीमा पर कई स्थानों पर नदी-नालों और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कई स्थानों पर बाड़ नहीं लगाए जा सके हैं। इन अंतरालों को भरे बगैर घुसपैठ पर प्रभावी रूप से नियंत्रण संभव नहीं है। अंतरालों को भरने में अभी दो साल और लग जाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिसंबर 2018 तक इन अतंरालों को बंद करने की कार्ययोजना बनाई है। शासन के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक भौतिक और गैर भौतिक तरीकों से सीमा पर तारबंदी के अंतरालों को बंद करने में अभी वक्त लगेगा। पाकिस्तान सीमा पर बीएसएफ तैनात है और अधिकांश स्थानों पर बाड़ लगे हैं, लेकिन आतंकी तारबंदी के अंतरालों का घुसपैठ के लिए उपयोग करते रहे हैं।
गृह मंत्रालय ने तारबंदी के खाली स्थानों की पहचान कर इन्हें तकनीकी उपकरणों द्वारा कवर करने की योजना बनाई है। सीमा के नदी-नाले और तारबंदी के खाली स्थान आतंकियों के लिए मददगार साबित होते हैं।
मधुकर गुप्ता समिति ने गृहमंत्रालय को सौंपी थी रिपोर्ट
गृह मंत्रालय
- फोटो : File Photo
सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए केंद्र ने रिटायर्ड गृह सचिव मधुकर गुप्ता की अध्यक्षता में समिति का गठन किया था। समिति ने 29 अगस्त को अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप दी है। समिति ने चुनौतियों के मद्देनजर तारबंदी के अंतरालों पर लेजर दीवार और अन्य आधुनिक उपकरणों को स्थापित करने का सुझाव दिया है।
नदियों में स्थायी नावों पर अग्रिम पोस्ट बनाने की सिफारिश भी इनमें शुमार है। सीमा पर तैनाती बढ़ाने, नाइट विजन कैमरों की संख्या बढ़ाने, गश्त के लिए जरूरी इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने जैसे सुझावों को केंद्र ने स्वीकार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कुछ मामलों में रियासत सरकार के भी सुझाव लिए हैं।
बर्फबारी के पहले आतंकी घुसपैठ होने की आशंका
सीमा पर तैनात जवान
- फोटो : फाइल फोटो
आतंकी बुरहान वानी की मौत के बाद कश्मीर में अशांति के क्रम में एलओसी के अलावा बार्डर से भी घुसपैठ के प्रयास तेज हुए। पाकिस्तानी रेंजरों ने आतंकियों की घुसपैठ को कवर देने के लिए लगातार सीजफायर का भी उल्लंघन किया। सुरक्षा एजेंसियों ने बर्फबारी से पहले घुसपैठ के प्रयासों में तेजी आने की आशंका जताई है।
पिछले दिनों कठुआ के हीरानगर सेक्टर में बीएसएफ द्वारा आतंकी घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम किया जा चुका है। इसके अलावा एलओसी के रास्ते घुसपैठ की कोशिश नाकाम की जा चुकी है। नौगाम में पिछले दिनों आतंकियों के एक दल ने घुसपैठ की कोशिश की थी जिसे सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई के दौरान ढेर कर दिया था। घुसपैठ की इन कोशिशों के बाद से सीमा पर सुरक्षाबल लगातार हाई एलर्ट पर हैं।