उधमपुर। लोक विकास दल की तरफ से शनिवार को सलाथिया चौक में कार्यक्रम का आयोजन कर विलय दिवस मनाया गया। इस अवसर पर लोगों में मिठाइयां भी बांटी गईं। साथ ही लोगों को विलय दिवस की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
लोक विकास दल के प्रधान विक्रम सिंह सलाथिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले महाराजा हरि सिंह की तस्वीर पर फूल मालाएं चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद लोगों में मिठाइयां बांटी गईं। सलाथिया ने कहा कि विलय दिवस का राज्य व देश के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान है। जिस प्रकार देश में पर्व मनाए जाते हैं, इसी प्रकार विलय दिवस को पूरे राज्य में पर्व की तरह मनाया जाना चाहिए। भारत का अंग बनना सभी के लिए गर्व की बात है। सलाथिया ने राज्यपाल सत्यपाल मलिक से इस दिवस की महत्ता तथा लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए अवकाश घोषित करने की मांग की। इसके साथ ही महाराजा हरि सिंह की जयंती पर भी अवकाश घोषित करने की मांग की।