चंडी माता मंदिर में पहुंची पवित्र छड़ी
हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, एक महीने तक चिनौत में ही होगी पूजा
अमर उजाला ब्यूरो
भद्रवाह। चंडी माता मंदिर चिनौत में बुधवार को हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र छड़ी के दर्शन किए। मंदिर के स्थापना दिवस पर डोडा से छड़ी यात्रा चंडी माता मंदिर में पहुंची। अब एक माह तक पवित्र छड़ी की चंडी माता मंदिर में पूजा-अर्चना होगी, इसके बाद वह मचेल के लिए जाएगी।
डोडा से आई छड़ी यात्रा के दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लगी रहीं। स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर भक्तों का जमावड़ा रहा। वहीं छड़ी के साथ हजारों की संख्या में श्रद्धालु भद्रवाह पहुंचे। त्रिशूल भेंट यात्रा में प्रति वर्ष डोडा से शिमल कुमार जैन के घर से भद्रवाह के चिनौत स्थित चंडी माता मंदिर पहुंचती है। 18 अगस्त को पवित्र त्रिशूल को पाडर तहसील के मचेल स्थित मंदिर में ले जाया जाएगा। वहीं चिनौत माता मंदिर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। माता के भजनों से माहौल भक्तिमय बन गया। इसमें जम्मू, पंजाब, दिल्ली और हिमाचल से आए कलाकारों ने माता की महिमा का गुणगान किया। सर्व शक्ति सेवक संस्था ने श्रद्धालुओं के लिए पानी का प्रबंध किया गया।