जिला रोजगार एवं परामर्श केंद्र परिसर में आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेले का वीरवार को समापन हो गया। मेले में कठुआ शहर सहित आसपास और दूरदराज के इलाकों से युवाओं ने हिस्सा लिया।
मेले में तीस सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जिसमें विभागीय सेवाओं से लेकर रोजगार से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। खास बात यह रही कि उड़ान योजना के तहत तीन सौ युवाओं ने दिलचस्पी दिखाते हुए साक्षात्कार दिया।
इसके तहत 154 युवाओं का जहां रोजगार विभाग ने पंजीकरण किया, वहीं 175 युवाओं का उड़ान योजना के तहत विभिन्न निजी कंपनियों में प्रशिक्षण के लिए चयनित किया गया।
निजी क्षेत्र की दस कंपनियों में युवाओं को प्रशिक्षण हासिल करने और रोजगार की संभावनाओं से जुड़ने का अवसर दिया गया। समापन समारोह के दौरान रोजगार विभाग के उप निदेशक सुनील कुमार ने उपस्थिति का आभार जताया।
उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि रोजगार मेले में हिस्सा लेने वाले युवाओं को संभव लाभ दिलाया जाएगा। आयोजन के दौरान अलग-अलग विभागों के आकर्षक स्टॉल सभी का ध्यान अपनी ओर खींचते रहे।
खासकर ग्रामोद्योग सहित अन्य ऐसे विभागों में आगंतुकों ने खासी दिलचस्पी दिखाई, जिसमें स्वरोजगार की संभावनाएं ज्यादा थीं।