पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार पर कुर्सी मोह के लिए साथ साथ होने का आरोप प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर लगाया। उन्होंने कहा कि कुर्सी पर विराजमान होने के अलावा इन दोनों पार्टियों में अन्य कोई समानता नहीं है। प्रदेश युवा कांग्रेस नेताओं के एक दिवसीय सत्र को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि वैचारिक रूप से विपरीत पार्टियां इस समय रियासत में गठबंधन सरकार में हैं।
उन्होंने पीडीपी-भाजपा पर मौकापरस्त सियासत करने के आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने अनुच्छेद 370 से लेकर जम्मू संभाग से भेदभाव और रिफ्यूजियों को न्याय दिलाने के नाम पर वोट हासिल किए, लेकिन पीडीपी के साथ गठबंधन करते समय उन्होंने मुखर्जी के एजेंडे से लेकर रिफ्यूजियों तक की अनदेखी कर दी।
उन्होंने युवा कांग्रेस नेताओं से कहा कि वह पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करें। कांग्रेस विधायक दल के नेता नवांग रिगजिन जोरा ने युवा कांग्रेस नेताओं से कहा कि वह रियासत में सक्षम विपक्ष की भूमिका अदा करें। इस अवसर पर एमएलसी रविंद्र शर्मा, प्रदेश युकां प्रधान शाह नवाज चौधरी, अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव उमा शंकर पांडे आदि भी मौजूद रहे।