कठुआ। बारात में जश्न मनाकर लौट रहे बारातियों की मिनी बस छन्न अरोड़ियां के नजदीक नेशनल हाईवे पर पलट गई। हादसे में 15 लोगों को चोटें आई हैें, जिनमें से एक की गंभीर हालत को देखते हुए जीएमसी रेफर कर दिया गया।
मामूली घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि सात का इलाज जिला अस्पताल कठुआ में चल रहा है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कठुआ के बुद्धि गांव से बिश्नाह में शादी समारोह में भाग लेने गए बारातियों की मिनी बस लौटते समय छन्न अरोड़ियां के नजदीक नेशनल हाईवे पर पलट गई। मिनी बस के पलटते ही बारातियाें की चीख पुकार शुरू हो गई। पुलिस और आसपास के लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल कठुआ में भर्ती कराया गया।
हादसा सोमवार की रात लगभग पौने तीन बजे हुआ।घायलों की पहचान शाम लाल, शिवानी, मोहम्मद रफी, रेखा देवी, आदर्श कुमार, निकिता, सीमू, बुआ दित्ता, सुषमा देवी, नज्म अख्तर और लाजवंती निवासी बुद्धि, राजिंद्र शर्मा निवासी मेरथ और मंगा राम, राज रानी निवासी मुकेरियां पंजाब के रूप में हुई है। लाजवंती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।