फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोली लगने से गिरे बेटे को नहीं उठा पाने का पिता को मलाल

विज्ञापन
विज्ञापन
पुंछ। माल्टी सेक्टर का सुदूरवर्ती गांव कलसां नियंत्रण रेखा पर फेंसिंग के आगे बसा है और पाकिस्तान की 10 बलोच रेजीमेंट की पोस्ट के बिल्कुल सामने है। वीरवार को इस गांव में शादी समारोह के दौरान पाकिस्तान ने गोलाबारी की थी जिसमें गांव के एक युवक इखलाक की मौत हो गई थी। उसके पिता रशीद मोहम्मद का कहना है कि हम जैसे ही गोली लगने से जमीन पर गिर कर तड़प रहे अपने बेटे को उठाने के लिए आगे बढ़ते पाकिस्तानी सैनिक हमारी तरफ गोलियों की बौछार करने लगते। इस कारण हम सुबह चार बजे गोलीबारी बंद होने के बाद ही उसे वहां से उठा पाए, तब तक उसके प्राण पखेरू उड़ चुके थे। एक पिता के लिए इससे बड़ा दर्द और क्या होगा कि उसके सामने बेटे को गोली लगी और वह उसके शरीर से बहते खून को देख रहा है, लेकिन उसको बचा नहीं पाया। उन्होंने देश के नेताओं से कहा है कि वे बार्डर के लोगों पर राजनीति न करें, क्योंकि उनको हमारे दर्द का एहसास ही नहीं है।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि उनके गांव में जल्दी कोई नेता नहीं आता है। यहां तक कि उन्हें अपने बेटे के शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए शुक्रवार को चाचा मोहम्मद सदीक और अन्य रिश्तेदारों की मदद से गांव के बाहर सुरक्षित स्थान पर ले जाना पड़ा। वहां पुंछ के जिला विकास आयुक्त अन्य अधिकारियों के साथ पहुंचे थे। पोस्टमार्टम के बाद वे फिर बेटे के शव को लेकर अपने गांव गए। वे अधिकारियों के सामने बार-बार यही कहे जा रहे थे कि वे अपने बेटे को बचा नहीं पाए। नामुराद पाकिस्तानी सैनिकों ने उसे बचाने का मौका नहीं दिया। रविवार को पांच दिन बीत जाने के बाद भी उनके यहां जो भी आ रहा था, उससे यही बात कह रहे थे। उनके जेहन से यह बात नहीं निकल पा रही है। उन्हें कहीं न कहीं ऐसा लगता है जैसे वे इसके लिए दोषी हैं, जबकि इसके लिए पाकिस्तान दोषी है, जिसके सैनिकों ने न सिर्फ सीजफायर का उल्लंघन किया, बल्कि बाकायदा निशाना साधकर घर के बाहर बैठे इखलाक के सीने में गोली मारी।

पीएम पाक को सीना दिखाते हैं, पर हमारे बच्चे सीने पर गोली खाते हैं
ग्रामीणों का कहना था कि चुनाव से पहले हमारे आज के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को 56 इंच का सीना दिखाते हुए ललकारा था, लेकिन आज आए दिन पाकिस्तान गोलाबारी करता है और वे चुप रहते हैं। उन्होंने कहा कि देशवासियों को समझना चाहिए कि हमारे पीएम पाक को सीना दिखाते हैं, पर हमारे बच्चे सीने पर गोली खाते हैं। हम किन स्थितियों में रह रहे हैं, इसका दर्द वे नहीं समझते हैं। उनका कहना है कि यदि अब भी पाकिस्तान को जवाब नहीं दिया गया, तो बार्डर पर और घरों से शव उठेंगे। पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आने वाला है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें