पुंछ। सोमवार को पुंछ-रावलाकोट बस भारत और पीओके के 70 नागरिक चक्कां दा बाग की नियंत्रण रेखा के रास्ते आर-पार हुए। सोमवार को भी पाकिस्तान की तरफ से किसी भी भारतीय को परमिट जारी न किए जाने से एक भी भारतीय नागरिक अपने सगे संबंधियों से मिलने पीओके नहीं जा पाया। जानकारी के मुताबिक सोमवार को दोपहर बाद करीब 3.15 बजे पुंछ जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित चक्कां दा बाग की राहें मिलन पर बने गेट खोले गए। इसके बाद दोनों तरफ के अधिकारियों ने आपस में हाथ मिलाया। इस अवसर पर सर्वप्रथम भारत की तरफ से 59 लोग पुंछ रावलाकोट बस में सवार हो कर नियंत्रण के उस पार गए जिनमें सभी पीओके नागरिक भारत में बसे रिश्तेदारों के पास एक महीना बिता कर वतन लौटे। वहीं, उस पार से रावलाकोट पुंछ बस में सवार होकर 11 लोग राह-ए-मिलन पार कर इस पार पहुंचे। इनमें 9 पीओके के नागरिक पहली बार भारत में बसे अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए इस पार आए, जबकि 2 भारतीय नागरिक पीओके में अपने रिश्तेदारों के पास एक हफ्ता बिता कर वतन लौटे।