जम्मू। लोकसभा चुनाव में हार के बाद नेकां व कांग्रेस में इस्तीफों का दौर जारी है। यहां एक तरफ नेकां की एमएलसी रही शहनाज गनेई ने इस्तीफा दिया है, वहीं प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यकारी सदस्य एवं दो बार दरहाल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार रह चुके मोहम्मद इकबाल मलिक ने रविवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। वह भाजपा में शामिल होंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राममाधव की मौजूदगी में मोहम्मद इकबाल मलिक अपने समर्थकों और करीब सौ सरपंचों और पंचों के साथ सोमवार को भाजपा में शामिल हो जाएंगे। पूर्व डीसी रह चुके परवेज अहमद मलिक की राजोरी जिले के मतदाताओं पर काफी प्रभाव रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में वह पीडीपी के प्रत्याशी चौधरी जुल्फकार अली से काफी करीबी मुकाबले में हार गए थे।
भाजपा के पार्टी सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय महासचिव राममाधव की मौजूदगी में मोहम्मद इकबाल मलिक अपने समर्थकों के साथ सोमवार दोपहर 12 बजे भाजपा में शामिल हो जाएंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना के अलावा पार्टी के प्रमुख नेता भी शामिल रहेंगे। मोहम्मद इकबाल मलिक के भाजपा में शामिल होने का विधानसभा चुनाव में भाजपा को काफी लाभ मिल सकता है।