जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान रविवार को दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। एक की एमएसी संगम और दूसरे की यात्रा से लौटने के बाद जीएमसी जम्मू में मौत हुई। जानकारी के अनुसार अमरनाथ यात्रा पर गए एक श्रद्धालु की मौत हो गई। उसकी पहचान चंद्रेश प्रसाद (66) निवासी कैरीचक, पटना (बिहार) के रूप में हुई है। वह एमएसी संगम में बेहोश अवस्था में मिला, जिसे मेडिकल असिस्टेंट कैंप बरारीमार्ग लाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित किया। शव को बैस कैंप बालटाल लाया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी परिवार को दे दी है।
वहीं, दूसरा श्रद्धालु अंकित कुमार निवासी गुजरात यात्रा से लौट कर जम्मू के गुरु रवि दास मंदिर में स्थापित शिविर में ठहरा हुआ था। वहां पर उसने बीमार होने की जानकारी दी। उसे जीएमसी ले जाया गया, जहां रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस की तरफ से मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है। वहीं, शव को जीएमसी के शवगृह में रखा गया है।