घायल बच्ची अदीबा को विशेष आर्थिक मदद
राज्यपाल ने दो लाख रुपये और अगले 15 साल तक 12 सौ रुपये मासिक सहायता देने की घोषणा की
जम्मू। राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने किश्तवाड़ मिनी बस हादसे में घायल तीन वर्षीय अदीबा को विशेष आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस दर्दनाक हादसे में अदीबा ने अपने माता-पिता और भाई-बहनों को खो दिया है।
राज्यपाल के निर्देश पर रेडक्रास की ओर से बालिका के पक्ष में दो लाख रुपये की विशेष सहायता की घोषणा की गई, जो एक निश्चित जमा राशि के रूप में होगी। इस मानवीय कदम से परे, माननीय राज्यपाल ने बालिका के खाते में जमा करने के लिए अगले 15 साल तक प्रति माह 1200 रुपये की मासिक सहायता देने की भी घोषणा की है। यह सहायता सरकार द्वारा घोषित सामान्य मुआवजे के अलावा होगी। अतिरिक्त उपायुक्त किश्तवाड़ बालिका को स्थानीय अभिभावक के तौर पर देखेंगे, जब तक कि वह वयस्क नहीं हो जाती। एकीकृत बाल संरक्षण योजना के माध्यम से बालिका अदीबा को सामाजिक और वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन, नागरिक समाज के परामर्श से यह सुनिश्चित करेगा कि स्वस्थ, अनुकूल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में उसकी परवरिश के लिए एक स्थाई देखभाल दाता की भी पहचान की जाएगी। जिला प्रशासन को राज्यपाल द्वारा आदिबा के सुरक्षित और स्वस्थ बचपन के लिए आवश्यक सभी उपाय करने के लिए निर्देशित किया गया है।