ज्यौड़ियां। खौड़ नए बस अड्डे के पास पलांवाला मार्ग पर बुधवार देर शाम एक पैदल जा रहे व्यक्ति की अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसकी वाद में मौत हो गई थी। उसकी पहचान स्वर्ण कुमार (40) पुत्र जग्गु राम निवासी ढलन (खौड़) के रूप में हुई है। मगर मामला दर्ज होने के बाद भी अभी तक अज्ञात वाहन की पहचान नहीं होने पर उसके परिजन और ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने पलांवाला-जम्मू मार्ग को करीब चार घंटे जाम कर आवाज बुलंद की और पुलिस की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। बाद में तहसीलदार के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह नौ बजे के युवक के परिजनों और रिश्तेदारों ने शव को खौड़ मुख्य चौक पर रख कर जम्मू-पलांवाला मार्ग बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने अज्ञात वाहन की पहचान कर कारवाई करने की मांग उठाई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। बावजूद उसके लोगों ने चार घंटे तक लगातार यातायात अवरुद्ध रखा। बादम में तहसीलदार खौड़ ने मौके पर पहुंच कर लोगों से बातचीत कर आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए।