विजयपुर/ रामगढ़। उपायुक्त सुषमा चौहान ने मंगलवार को बाबा सिद्ध गोरिया और बाबा चमलयाल तीर्थ स्थलों पर होने वाले वार्षिक मेले की तैयारी का जायजा लिया। यहां 16 जून को मेले का आयोजन होगा। इस मौके पर जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी और धार्मिक स्थानों के लोग मौजूद रहे।
बैठक के दौरान तीर्थ स्थलों पर वार्षिक मेले के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न मांगों से अवगत कराया गया। जिसे सिविल सोसायटी और अन्य धार्मिक हस्तियों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तुत किया। डीसी ने एक्सईएन आर एंड बी, एक्सईएन पीएचईए, एक्सईएन पीडीडी को निर्देश दिए कि वे मेलों को देखते हुए संपर्क सड़कों को ठीक करे। मेले में सुचारु रूप से पानी, बिजली आपूर्ति के लिए कार्य करे। डीसी ने मेले को शांति पूर्वक होने के लिए सांबा प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। महिलाओं के लिए शौचालय की सुविधा का इंतजाम किया जाए। डीसी ने प्रशासन को आग लगने और आपातकालीन सेवाओं के लिए आपातकालीन बूथ की स्थापना के लिए कहा।
इस दौरान सब डिविजनल मजिस्ट्रेट विजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजिंदर समेयाल समेत अन्य अधिकारी और पुलिस के अधिकारी भी मौजूद थे।