अखनूर। कस्बे के मेन चौक पर मंगलवार को दो सांढ़ों की भिंड़त में चार बाइक और एक दुकान का समान क्षतिग्रस्त हो गया। सांढ़ों की गुत्थम-गुत्थी से वहां अफरातफरी मच गई। कोई खुद को बचाने के लिए भाग रहा था तो कोई अपनी बाइक लेकर वहां से भाग रहा था। लावारिश पशुओं के इस आतंक के कारण लोगों में म्यूनिसिपल कमेटी के प्रति रोष है।
लोगों ने कहा कि लावारिश मवेशियों पर अंकुश लगाने में म्यूनिसिपल कमेटी पूरी तरह से विफल रही है। इसी का नतीजा रहा कि मंगलवार को सरेराह दो सांढ़ों की बीस मिनट तक चली भिड़ंत में लोगों को नुकसान हुआ। कुछ समय के लिए वहां यातायात भी बाधित हुआ। रोड पर खडे़ चार बाइक सांढ़ों के उत्पात में क्षतिग्रस्त हो गये। आसपास दुकानदारों ने सांढ़ों को रोकने के लिए किसी ने पानी फेंका तो किसी ने डंडे मार कर छ़ड़ाने का प्रयास किया। दुकानदार और लोगों ने कहा कि आए दिन बाजारों और गालियों में इस तरह लावारिस पशुओं का उत्पात मचता रहता है, जिसमें कई लोग घायल हो जाते हैं। ऐसे मवेशियों को पकड़ने के लिए म्यूनिसिपल कमेटी तुरंत कोई पहल करे।