पुंछ। पुंछ और राजोरी जिलों को कश्मीर से जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगलरोड पर पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल विंग की तरफ से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को बहाल करने के लिए सोमवार को दिन भर बर्फ हटाने के लिए अभियान चलाया गया। बफलियाज की तरफ से लेकर पीर की गली तक सड़क पर बिछी बर्फ की मोटी चादर को हटाने के लिए आधुनिक स्नोकटर और स्नोफ्लोअर मशीनों का प्रयोग किया गया। देर शाम तक पुंछ जिले की तरफ से पीर की गली तक मुगलरोड को वाहनों के आवाजाही करने योग्य बना दिया गया।
जिला विकास आयुक्त पुंछ राहुल यादव का कहना है कि मुगलरोड से बर्फ हटाने के अभियान में बफलियाज की तरफ बर्फ हटाने का काम करती हुई मशीनें पीर की गली की तरफ जा रही हैं। जब वह वहां से बफलियाज की तरफ लौटेंगी तो मुगलरोड को दोतरफा वाहनों के चलने के काबिल बना देंगी। पूरी आशा है कि मंगलवार से मुगलरोड को दोतरफा ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले रविवार एवं सोमवार को जिले में होने वाली भारी बर्फबारी के कारण मुगलरोड वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। इसके बाद इस सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया था।