पुंछ। मंगलवार को पुंछ में पंचायत चुनाव के चौथे चरण का मतदान शांति पूर्वक संपन्न हो गया। इसमें पुंछ ब्लाक में 82.48 प्रतिशत मतदान हुआ है। ब्लाक में कुल 32955 में से 27181 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया। सर्दी के चलते सुबह आठ बजते ही बड़ी संख्या में मतदाता केंद्रों के बाहर कतारों में लगने लगे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया मतदान का प्रतिशत भी बढ़ता गया।
चौथे चरण के मतदान में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पहुंचे। दूर दराज एवं भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी से प्रभावित रहने वाले क्षेत्रों में बेखौफ होकर बड़ी संख्या में महिलाएं बुजुर्ग, नौजवान वोट डालने केंद्रों पर पहुंचे। अधिकतर लोगों का कहना था कि लोकतंत्र ने हमें मतदान का जो हक दिया है हम उसका प्रयोग कर अपनी इच्छा के अनुसार ऐसे प्रत्याशी का चयन करने आए हैं जो हमारे क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के साथ क्षेत्र में विकास कराए। क्योंकि एक तो हमारा क्षेत्र गोलाबारी से प्रभावित रहता है। पाकिस्तानी गोलाबारी से हमारे लोग और मवेशी जख्मी हो जाते हैं मारे जाते हैं फसलें तबाह हो जाती हैं। इसके साथ ही आज तक हमारे क्षेत्र में सड़कें नहीं बन पाई हैं। बिजली एवं पानी की समस्या है। ऐसे में नए चुने जाने वाले प्रतिनिधि इन समस्याओं को दूर कराएंगे। इस आशा के साथ हम आज वोट डाल रहे है। मतदान के दौरान कहीं पर भी किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। प्रशासन की तरफ से मतदान को लेकर कड़े सुरक्षा प्रबंध भी किए गए थे।