पुलवामा जिले के संगरबनी में तारबंदी कर रहे वन कर्मी के साथ एक मंत्री के समर्थकों की ओर से दुर्व्यवहार तथा मारपीट करने के बाद वन विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए 150 कनाल भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
इस घटना को विभाग ने गंभीरता से लिया और अतिक्रमणकारियों से भूमि खाली कराई। सूत्रों ने बताया कि दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए दबाव भी बनाया जा रहा है।
वन मंत्री बाली भगत ने बताया कि वन विभाग की जमीन से कब्जा हटाने का अभियान पूरी रियासत में चल रहा है। रियासत की कुल 30 डिवीजन में अब तक 14 हजार कनाल भूमि से कब्जा हटाया जा चुका है।
सरकार जंगल की एक-एक इंच जमीन खाली कराएगी। ज्ञात हो कि 27 नवंबर को पुलवामा के संगरबनी फारेस्ट रेंज में विभाग की एक टीम तारबंदी करने में जुटी थी।
इसी दौरान मंत्री के कुछ समर्थक और सुरक्षाकर्मी वहां पहुंचे और तारबंदी का काम रोकने को कहा। इस दौरान उन्होंने विभाग के कर्मचारी मोहम्मद कबीर मलियार के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया।