परिवार ने समय पर इलाज न मिलने का लगाया आरोप:
जीएमसी पहुंचे नितिन के भाई अजय ने बताया कि नितिन घर से मंदिर गया था। उन्हें जानकारी नहीं थी कि वह वहां से हरकी पौड़ी चला गया है। हमें फोन आया कि नितिन तवी में डूब गया है। इस पर आनन-फानन में सभी वहां पहुंचे लेकिन तब तक उसे पानी से निकाल लिया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि जीएमसी में डॉक्टरों ने नितिन का समय पर उपचार नहीं किया। अस्पताल लाने पर उसकी सांसें चल रही थीं। जीएमसी प्रबंधन ने उसे निजी अस्पताल में नहीं ले जाने दिया। इमरजेंसी में भी परिवार के किसी सदस्य को जाने की अनुमति नहीं दी गई। इस पर परिवार के सदस्यों की जीएमसी के सुरक्षा कर्मियों के साथ बहस हुई। इस दौरान कुछ समय के लिए इमरजेंसी का गेट बंद कर दिया गया।
एक साल पहले ट्रेन में अचानक हुई थी पिता की मौत
एक साल पहले नितिन के पिता की एक पारिवारिक समारोह में जाते समय ट्रेन में अचानक से मौत हो गई थी। परिवार में नितिन के अलावा दो भाई, एक बहन और मां हैं। नितिन घर में सबसे छोटा था। अस्पताल परिसर में नितिन की मां पहुंची थीं जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। वह बेसुध हालात में थी। वह किसी से बात भी नहीं कर पा रही थीं।
झज्जर कोटली में सड़क किनारे खड़े दो चालकों को कार ने कुचला, मौत
जिले के झज्जर कोटली इलाके में सोमवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे ट्रक चालक और उसके साथी को कुचल दिया। दोनों की मौत हो गई। इस हादसे में कार चालक और उसका साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान ट्रक चालक गुजरात निवासी विनोद बाई और उसके साथी उत्तर प्रदेश के रमनीश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार झज्जर कोटली में हाइवे पर ट्रक खड़े थे। विनोद और रमनीश अपने ट्रक के साथ बैठे थे। इस दौरान जम्मू की तरफ आ रही एक कार पर चालक नियंत्रण खो बैठा और उसने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे उनकी मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार घायल हुए दो लोगों का जीएमसी जम्मू में उपचार चल रहा है। चालकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी जम्मू के शवगृह में रखा गया है। बता दें कि झज्जर कोटली में से लेकर नगरोटा तक सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क की हालत खस्ता है। ऐसे में यह इलाका सड़क हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।