उधमपुर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जीआरपी रेलवे ने बजालता से कटड़ा तक रेलवे ट्रैक और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध करना शुरू कर दिया है। सोमवार को एसएसपी रेलवे रंजीत सिंह संब्याल ने रेलवे स्टेशनों व ट्रैक का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को जांचा और कमियां पाए जाने पर सुधार के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर जीआरपी कई दिन पहले ही सुरक्षा को कड़ी करना शुरू कर दिया था। सोमवार को एसएसपी रेलवे ने जीआरपी व पुलिस अधिकारियों के साथ उधमपुर से लेकर कटड़ा तक ट्रैक का निरीक्षण किया। एसएसपी ने सभी टनल और पुल की सुरक्षा को जांचा और जहां पर कमियां नजर आई, उनमें सुधार करने को लेकर जीआरपी के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। एसएसपी ने रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा को भी अच्छी तरह से जांचा। जांच के दौरान रेलवे का डॉग स्क्वायड भी मौजूद था। सामान की जांच में डॉग स्कवायर पूरी मदद कर रहा था। एसएसपी रेलवे ने अधिकारियों से कहा कि उधमपुर और कटड़ा रेलवे स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों के सामान की अच्छी तरह से जांच की जाए। इसके अलावा एसएसपी ने रेलवे ट्रैक, टनल व पुलों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवान तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर जाने वाले यात्रियों की अच्छी तरह से जांच की जाए। एक्स-रे बैग स्केनर पर भी अच्छी तरह से जांच की जाए। इसके अलावा पेट्रोलिंग को भी बढ़ाया जाए।