आरएस पुरा। गांव स्लैड में बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता किसानों की आग से प्रभावित हुई फसल के मुआवजे की मांग को लेकर बुधवार के सड़क पर उतर आए। उन्होंने कहा कि सरकार उन किसानों के कल्याण के बारे में कुछ नहीं सोच रही है जिनकी फसल शार्ट सर्किट या कोई अन्य कारणों से लगी आग में जलती है। आग में किसान की फसल जल जाती है उसकी मेहनत पर पानी फिर जाता है वह कर्ज में डूब जाता है लेकिन सरकार उसे राहत देने के लिए गंभीर नहीं होती है। सरकार जिन किसानों की आग लगने से फसल जली है उसका पूरा मुआवजा दे।
जम्मू प्रधान तिलक राज भगत के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकारों की किसानों के लिए बेहतर नीतियां नही बनाए जाने पर किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को आग लगने पर सरकार के पास राहत राशि मुहैया कराए जाने का प्रावधान तक नहीं। तिलक राज भगत ने कहा कि केंद्र की मौजूदा सरकार किसानों की आय दो गुणा किए जाने के लिए बनाई योजना पर कार्य कर रही लेकिन आग लगने पर राहत राशि का प्रावधान नहीं। ऐसे में किसान का क्या होगा जो खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करने पर निर्भर है और फसल जलने पर वह परिवार का खर्च कैसे चला पाएगा।
किसान शाम लाल, ओम प्रकाश, जोगिंद्र लाल, शमा राम, करनेल सिंह का कहना है कि सरकार की ओर से किसानों की फसल जलने पर कोई पूछने तक नहीं आया। किसानों ने राज्य सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ नारेेबाजी करते हुए प्रभावित किसानो को एक बर्ष का राशन मुहैया कराए जाने के साथ किसानों को राहत राशि मुहैया कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर किसानों की अनदेखी की गई तो आंदोलन किया जाएगा।