अखनूर। मुख्य चौक पर खड़ी एक मोटरसाइकिल में बुधवार को संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई। आग लगाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग लगने की घटना से आसपास के दुकानदारों और रहगीरों में हड़कंप मच गया। लोग सुरक्षित जगहों पर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब एक बजे एक दंपति ने मोटरसाइकिल जेके ओ-0- 5419 को मुख्य चौक के पास खड़ा किया और अपने बच्चे को दिखाने उप जिला अस्पताल में चले गए। कुछ समय बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया। आग लगने पर बाजार में अफरा तफरी मच गई। आसपास के दुुकानदार और राहगीर इधर- उधर भागने लगे। रोड पर वाहनों की आवाजाही भी करीब आधा घंटे तक बंद रही। मोटरसाइकिल का अधिकतर हिस्सा जल कर राख हो गया। इस पर आसपास के दुकानदारों ने पानी डाल कर आग पर काबू पाया। आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों को कहना है गर्मी की वजह से मोटरसाइकिल में आग लगी है। आशंका जताई जा रही कि अगर आग के चलते मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी फट जाती तो जानमाल की हानि हो सकती थी।