सुंदरबनी। सुंदरबनी में पीएचई विभाग में कार्यरत सीपी और आईटीआई ट्रेंड कर्मचारियों की एक बैठक हुई। इसमें आल जेएंडके पीएचई यूनाइटेड फ्रंट के बैनर तले 25 व 26 मार्च को दो दिवसीय कामछोड़ हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया।
पीएचई कर्मचारी संघ के तहसील प्रधान प्रेम कुमार ने कहा कि वर्षों से विभाग में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित नहीं किया जा रहा है। चार साल से वेतन बकाया है, जिस कारण परिवार का गुजारा चलाना मुश्किल हो रहा है। सरकार ने एसआरओ 520 के तहत पक्का करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आजतक कुछ नहीं हुआ है। इस कारण अब मजबूर होकर उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। 25 मार्च से दो दिवसीय कामछोड़ हड़ताल शुरू कर रहे हैं। अगर सरकार ने इसके बाद भी सुध नहीं ली तो आंदोलन को तेज कर दिया जाएगा। बैठक में कई कर्मचारी मौजूद रहे।