पाकिस्तानी गोलाबारी से बचने के लिए अरनिया ब्लाक के सीमावर्ती गांवों में बनाए जाने वाले सामूहिक बंकरों से ग्रामीण खफा हैं। ग्रामीणों ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
सीमावर्ती ग्रामीण पाकिस्तानी गोलाबारी से बचने के लिए लंबे समय से सुरक्षित स्थानों पर पांच-पांच मरले के प्लाट की मांग कर रहे हैं। उनकी यह आवाज केंद्र सरकार तक पहुंची थी।
लेकिन केंद्र सरकार ने सुरक्षित स्थानों पर बंकर दिए जाने के बजाय अरनिया ब्लाक में गोलाबारी से प्रभावित सिर्फ तेरह गांवों में सामूहिक बंकर बनाने का आदेश दे दिया। कुछ पंचायतों में दो तो कुछ में सिर्फ एक ही सामूहिक बंकर बनाने का काम होना है। कुछ गांवों में बंकर बनाने का काम शुरू भी कर दिया गया है।
खंड विकास अधिकारी अरनिया चमन लाल गांधी के अनुसार पाकिस्तानी गोलाबारी से प्रभावित गांवों के लोगों की सुरक्षा के लिए 13 सामूहिक बंकर बनाकर दिए जाने हैं। चंगिया, चानना, जव्वोआल, पिंडी चारका, पिंडी कैंप, कोटली काजिया, करेयाल खुर्द और कठार समेत 13 गांवों में प्रत्येक में एक-एक बंकर बनाया जाना है।
इनमें से जव्वोआल और चंगिया में बंकर बनाने का काम शुरू भी हो चुका है। पांच लाख प्रति बंकर की लागत से बनने वाले समूह बंकरों की गहराई 29 फीट होगी। तैयार होने के बाद इनमें 28 गुणित 20 फीट की जगह मिलेगी।