अनियंत्रित मेटाडोर की टक्कर से स्कूटर सवार घायल
खंभे से भी टकराई बस, बाल-बाल बचे 20 यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के पाश इलाके गांधी नगर में एक तेज रफ्तार मेटाडोर गलत साइड जाकर स्कूटर से टकराने के बाद बिजली के खंभे से टकरा गई। इस कारण बड़ा हादसा टल गया, मगर स्कूटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पहचान मनमीत सिंह निवासी नानक नगर के रूप में हुई है। घायल को गांधी नगर अस्पताल ले जाया गया, जहां पर हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी रेफर कर दिया। बाद में परिजन उसे जीएमसी से पंजाब ले गए हैं।
जानकारी के अनुसार पंजतीर्थी-त्रिकुटा नगर रूट की मेटाडोर दोपहर 12 बजे 20 यात्रियों को लेकर जा रही थी। गांधी नगर के डीवा शोरूम के पास त्रिकुटा नगर की तरफ जाते समय मेटाडोर अनियंत्रित हो गई, जिस कारण स्कूटर को टक्कर मारने के बाद खंभे जा टकराई।
धमाके के बाद मची चीखोपुकार
मेटाडोर के खंभे से टकराने के बाद जोरदार धमाका हुआ। इस कारण मेटाडोर में चीखोपुकार मच गई। वहीं, लोगों ने मेटाडोर चालकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा कर कार्रवाई करने की मांग की है।