उधमपुर। सरकारी महिला कालेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र के बाहर से शुक्रवार शाम को दो छात्राओं के हैंड बैग चोरी हो गए। जब छात्राओं ने इस बारे में कालेज प्रशासन से बात की तो किसी ने भी इसकी जिम्मेदारी नहीं ली। जब सीसीटीवी कैमरे से जांच करने को कहा तो प्रशासन का कहना था कि सीसीटीवी कई दिनों से खराब हैं।
सरकारी महिला कालेज में थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया है। शुक्रवार को निजी कालेज की छात्रा नेहा और प्रेरणा परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र पहुंची। परीक्षा केंद्र में मौजूद स्टाफ ने छात्राओं को हैंड बैग बाहर रखने को कहा। इस पर दोनों ने बैग बाहर रख दिए। जब परीक्षा खत्म होने के बाद बाहर आईं तो दोनों के बैग गायब थे। इसकी शिकायत कालेज प्रशासन से की तो कोई भी मदद करने को तैयार नहीं हुआ। सबका कहना था कि सामान की कालेज प्रशासन की कोई जिम्मेदारी नहीं है। सीसीटीवी के जरिये जांच करने को कहा तो प्रशासन का कहना था कि सीसीटीवी कैमरे खराब हैं।
परेशान होती रहीं दोनों छात्राएं, किसी ने भी नहीं की मदद
नेहा ने बताया कि उसके बैग में चार हजार रुपये नकद थे। इसके अलावा एटीएम, क्रेडिट, पैन और आधार कार्ड था। वहीं प्रेरणा ने बताया कि उसके बैग में मोबाइल फोन व कुछ नकदी थी। दोनों कालेज के अंदर बैग चोरी होने पर घंटों परेशान रहीं, लेकिन किसी ने भी उनकी मदद नहीं की।
कालेज के अंदर से छात्राओं के पर्स चोरी होना गंभीर मामला है। इसको लेकर शनिवार को कालेज में स्टाफ के साथ बैठक की जाएगी। मामले में जांच की जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी के खराब होने के बारे में उच्च अधिकारियों को कई बार सूचित किया गया है।
डा. चंद्रशेखर, प्रिंसिपल