उधमपुर। राजमार्ग पर उड़ती धूल से परेशान वाहन चालकों व यात्रियों को राहत प्रदान करने के लिए जियो और जीने दो की तरफ से राजमार्ग पर वाहन चालकों व यात्रियों में मास्क बांटे गए। संस्था के सदस्यों ने सभी को जागरूक करते हुए कहा कि हमेशा मास्क पहन कर रखें, नहीं तो प्रदूषण के कारण कई प्रकार की बीमारियों का शिकार हो सकते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान तारिक शाह के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने कहा कि जखैनी से चिनैनी तक फोरलेन राजमार्ग का निर्माण लोगों के लिए सिरदर्द बन गया है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संस्था ने पिछले दिनों हालात का जायजा लिया तो पता चला कि लोगों की परेशानी दुुगनी हो गई है। वहीं कई स्थानों पर राजमार्ग के मलबे को कंपनी तवी नदी में डाल कर नदी को भी नुकसान पहुंचा रही है। यह सब सहन नहीं होगा। नेशनल हाइवे अथारिटी से अपील है कि तवी नदी में मलबा डालने पर रोक लगाई जाए। इस मौके पर ऋतु, प्रीति, डा. चंद्र शेखर, रफीक, भूषण, इम्तियाज शाह, राकेश सहित अन्य मौजूद थे